Showing posts with label क्रिकेट. Show all posts
Showing posts with label क्रिकेट. Show all posts

Wednesday, November 10, 2021

न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट जीतने की मजबूत दावेदार इंग्लैंड को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। दिग्गज कमेंटेटर सुशील दोषी ने अपने पॉडकास्ट में न्यूजीलैंड को साधारण खिलाड़ियों से बनी असाधारण टीम करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह का खेल न्यूजीलैंड ने दिखाया उससे यही लगता है कि मुश्किल वक्त में कोई न कोई हीरो बनकर सामने आता है और कहता है कि मैं हूं न। इस मैच में पहले जेम्स नीशम और फिर डेरिल मिचेल ने यह कारनामा कर दिखाया।

बहुत सकारात्मक खेल दिखाता है न्यूजीलैंड
दोषी ने कहा- आप देखेंगे कि न्यूजीलैंड के पास केन विलियम्सन और ट्रेंट बोल्ट के अलावा कोई और स्टार नहीं है। लेकिन, यह टीम बहुत सकारात्मक खेल दिखाती है और क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में निरंतर रूप से अच्छा प्रदर्शन करती है। टीम 2015 के बाद 2019 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची। फिर इस साल ICC टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता। अब पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहुच गई है।

10 ओवर तक इंग्लैंड का पलड़ा भारी
दोषी ने कहा कि न्यूजीलैंड की पारी के आखिरी 10 ओवर तक इंग्लैंड का पलड़ा भारी था। उस समय तक किसी को अंदाजा नहीं था कि न्यूजीलैंड भी मैच जीत सकता है। लेकिन, टी-20 क्रिकेट में परिस्थितियां बदलते देर नहीं लगती है। इस मैच में भी ऐसा ही हुआ और नीशम के बाद डेरिल मिचेल ने बाजी पलट कर रख दी।

ऑस्ट्रेलिया के पास मजबूत अटैक
दोषी ने कहा कि पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला दूसरा सेमीफाइनल मैच भी काफी रोचक होगा। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में इकलौती एशियन टीम है। लेकिन, उसे ऑस्ट्रेलिया के मजबूत आक्रमण के आगे अपनी काबिलियत फिर से दिखानी होगी। UAE के कंडीशंस पाकिस्तान को भाते हैं लेकिन मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस की तिकड़ी के साथ-साथ एडम जम्पा का सामना करना आसान नहीं होगा।

Category: articles

न्यूजीलैंड की पारी के 16 ओवर खत्म हो चुके थे। इनमें न्यूजीलैंड 110 रन बना पाई थी। जीतने के लिए 24 गेंद में 57 रन चाहिए थे। औसत समझ रहे हैं न, हर ओवर में 15 रन। और 16 ओवर तक न्यूजीलैंड कितने के औसत से रन बनाए थे, सिर्फ साढ़े 6 रन के।

95 रन और 107 रन पर जल्दी-जल्दी विकेट भी गिर गए थे। 16वां ओवर खत्म हुआ तो क्रीज पर एक तरफ जिम्मी नीशम 1 गेंद पर 1 रन बनाकर खड़े थे, दूसरी ओर 40 गेंद में सिर्फ 46 बनाकर डेरिल मिचेल।

क्रिकेट फैन्स कहने लगे कि डेरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल हरवा दिया। इतना धीमा न खेलते थे तो शायद न्यूजीलैंड जीत जाता। लेकिन 16वें ओवर खत्म हुआ है कि मिचेल सुपरहीरो बन गए। इसके बाद सिर्फ 7 गेंद खेली और 1 ओवर यानी 6 गेंद पहले ही इंग्लैंड को हरा दिया। आइए 7 चलती हुई तस्वीरों में पूरी कहानी देखते हैं।

मिचेल को उनकी ताकत का एहसास नीशम ने कराया। असल में मिचेल पहले ओवर से ही खेल रहे थे। लेकिन वो डरे-डरे खेल रहे थे। नीशम आए और दूसरी गेंद पर इंग्लिश टीम के सबसे बेहतरीन बॉलर क्रिस जॉर्डन की गेंद पर बल्ला घुमाकर छक्का मारा।

इसी ओवर में उन्होंने जॉर्डन को 1 छक्का और 1 चौका और जड़ा। नीशम ने जॉर्डन की इस ओवर इतनी कुटाई की वर्ल्ड कप का सबसे महंगा ओवर बन गया। जॉर्डन की इस ओवर में कुल 23 रन बने।

अगला ओवर राशिद खान लेकर आए। इनकी भी दूसरी गेंद पर नीशम ने फिर बल्ला भांजकर छक्का मारा। लेकिन इसी ओवर वो आउट हो गए।

नीशम के आउट होते ही सबने सुपर ओवर का हिसाब-किताब लगाना शुरू कर दिया। आपको तो याद ही होगा 2019 के वर्ल्ड कप का फाइनल। इन्हीं दोनों टीमों ने एक ही मैच में 2-2 सुपर ओवर खेले थे। लेकिन नीशम को देख डेरिल मिचेल की अंदर का पवनसुत हनुमान जग गए थे। उन्होंने राशिद के ओवर में ही एक लाफ्टर छक्का जड़ दिया।

पारी का 19वां ओवर क्रिस वोक्स लेकर आए। 12 गेंद में 20 रन चाहिए थे। एक तरफ सुपरहीरो बन चुके डेरिल मिचेल तो दूसरी ओर बस नाम का बैटिंग कर पाने वाले मिचेल सैंटनर। कमाल देखिए मिचेल ने इसी ओवर में पूरा मैच खत्म कर दिया। 20वें ओवर की जरूरत नहीं पड़ी। डेरिल मिचेल ने क्रिस वोक्स के ओवर में 2 छक्के और 1 चौका जड़कर तीन काम एक साथ कर दिया।

खैर दूसरी चीज की उन्होंने 2019 वर्ल्ड कप में 2 सुपर ओवर में इंग्लैंड के बराबर रन बनाकर सिर्फ चौकों-छक्कों कम होने के चलते वनडे वर्ल्ड हारने का बदला ले लिया। तीसरा कि 3 लगा‌तार ICC इवेंट में न्यूजीलैंड की टीम को फाइनल तक पहुंचा दिया।

Category: articles

टी-20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर इस टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार फाइनल में जगह बना ली है। टॉस गंवाकर पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 166 रनों का स्कोर बनाया। मोइन अली नाबाद 51 टॉप स्कोरर रहे। 167 रनों के टारगेट को कीवी टीम ने रोमांचक अंदाज में 19 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। टीम की जीत में सलामी बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने नाबाद 72 रनों की पारी खेली।

आखिरी के दो ओवर में न्यूजीलैंड को 20 रनों की जरूरत थी। 19वां ओवर क्रिस वोक्स लेकर आए और डेरिल मिचेल ने इसी ओवर में 20 रन बनाकर इंग्लैंड की जीत के सपने को तोड़ दिया। मिचेल ने ओवर में दो छ्क्के और एक चौका लगाकर और टीम को शानदार जीत दिलाई। भले ही मिचेल ने विनिंग शॉट लगाया हो, लेकिन टीम की जीत में जिमी निशम ने भी एक बड़ा किरदार निभाया। उन्होंने 16 से 18 ओवरों के बीच में 3 छक्के और 1 चौके की मदद से 11 गेंदों पर 27 रन बनाए।

कीवी टीम का लगातार तीसरा फाइनल
न्यूजीलैंड लगातार तीसरी बार ICC टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा। इससे पहले टीम ने साल 2019 के वनडे वर्ल्ड कप और इस साल हुए ICC टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई थी। NZ ने शानदार जीत के साथ ही इंग्लैंड के हाथों 2019 के वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार का भी बदला लिया।

पहली बार टी-20 WC के सेमीफाइनल में हारा ENG
टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड की ये पहली हार रही। इससे पहले टीम ने साल 2010 के सेमीफाइनल में श्रीलंका और 2016 में न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था, लेकिन इस बार टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। साथ ही वनडे और टी-20I को मिलाकर इंग्लैंड की पिछले पांच सेमीफाइनल मैचों में जीत के बाद ये पहली हार रही। इससे पहले 1983 के सेमीफाइनल मैच में भारत ने इंग्लैंड को हराया था।

टारगेट का पीछा करते हुए NZ की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में क्रिस वोक्स ने मार्टिन गुप्टिल (4) का विकेट चटकाया। वोक्स ने अपने अगले ही ओवर में कीवी कप्तान केन विलियम्सन (5) को आउट कर ENG को बड़ी सफलता दिलाई। तीसरे विकेट के लिए डेवॉन कॉनवे और डेरिल मिचेल ने 67 गेंदों पर 81 रन जोड़कर टीम की पारी को पटरी पर लाने का काम किया। लिविंगस्टन ने कॉनवे (46) को आउट कर इस पार्टनरशिप पर ब्रेक लगाया। लिविंगस्टन यही नहीं रुके और अपने स्पेल के आखिरी ओवर में ग्लेन फिलिप्स (2) का विकेट चटकाया।

जेम्स नीशम ने मैदान पर आने के साथ ही चौके-छक्कों की बरसात कर NZ को वापस मुकाबले में ला खड़ा किया। नीशम 11 गेंदों पर 27 रन बनाकर आदिल राशिद की गेंद पर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद डेरिल मिचेल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई। मिचेल ने 47 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए।

 

Category: articles