Showing posts with label उतर प्रदेश. Show all posts
Showing posts with label उतर प्रदेश. Show all posts

Sunday, November 14, 2021

सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक मॉर्फ्ड तस्‍वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्‍वीर में राहुल गांधी के साथ एक बच्‍चे को देखा जा सकता है। जिसकी टी शर्ट पर कथित तौर पर भाजपा का चुनाव चिह्न कमल का फूल बना हुआ देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस तस्‍वीर को सच मानकर तो कुछ इसे तंजात्‍मक लहजे के साथ शेयर कर रहे हैं। विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल तस्‍वीर की जांच की। हमारी पड़ताल में वायरल तस्‍वीर मॉर्फ्ड साबित हुई। राहुल गांधी की एक तस्‍वीर के साथ छेड़छाड़ करके अलग से बच्‍चे की टीशर्ट पर कमल का निशान लगाया गया है।

क्‍या हो रहा है वायरल

ट्विटर हैंडल सोनम सैनी ने 8 नवंबर को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक मॉर्फ्ड तस्‍वीर को शेयर करते हुए लिखा कि पक्का…ये बटन भी bjp का ही दबाता होगा..कोई शक।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने असली तस्‍वीर तक पहुंचने के लिए सबसे पहले ऑनलाइन टूल गूगल रिवर्स इमेज टूल का इस्‍तेमाल किया। इसमें वायरल फोटो को अपलोड करके सर्च करने पर ओरिजनल तस्‍वीर हमें कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर मिली। 3 नवंबर 2017 को ट्वीट करते हुए बताया गया था कि राहुल गांधी ने गुजरात के धरमपुर चौकड़ी में किसानों से मुलाकात की।

Category: articles

Wednesday, November 10, 2021

टोक्यो पैरालंपिक- 2020 में भारत को पदक दिलाकर देश का गौरव बढ़ाने वालों की दिलचस्प कहानी है। पैरालिंपियन की सफलता का सफर भी किसी प्रेरणापुंज के सहारे आगे बढ़ा है। गोल्ड मेडलिस्ट अवनि लखेरा अपनी मां को देखकर आगे बढ़ती हैं, तो रजत पदक जीतने वाली टेबल टेनिस प्लेयर भाविना पटेल ने जब ब्लाइंड बच्चों को हालात से लड़ते देखा तो खुद हिम्मत जुटाई और अपने लिए नया रास्ता चुना। मैदान में देश को पदक दिलाकर लौटे खिलाड़ियों को आज मेरठ में सम्मानित किया जा रहा है। इस सम्मान से पहले दैनिक भास्कर की पदक विजेताओं की कहानियों की विशेष कवरेज…

नहीं मिल रहा था इंडिविजुअल गेम, तब शूटिंग अपनाया
पैरालंपिक में निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले मनीष नरवाल की प्रेरणा उनकी मां हैं। मनीष कहते हैं मम्मी ही मेरी प्रेरणा हैं, बचपन से ही खेलता था। शुरूआत में मुझे कोई खेल नहीं मिल रहा था, तब किसी ने इंडिविजुअल गेम में शूटिंग बताया और मैं इसे अपना सका। मेरे पिताजी, छोटे-भाई बहन सभी खिलाड़ी हैं। अभी 4 से 5 ओलिंपिक खेलने की इच्छा है, अपनी कमियों को सुधारना चाहता हूं। मैं खिलाड़ी नहीं बन पाता तो आज मैं पिता का बिजनेस संभालता। लेकिन, जो मान सम्मान मुझे खेलों से मिला वो बिजनेस से कभी नहीं मिलता। देश का झंडा लेकर चलना खुद में गौरव का अहसास कराता है।

निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाली अवनि कहती हैं मेरा परिवार ही मेरी प्रेरणा है। बचपन से मम्मी मेरे साथ हर मैच में गई हैं। अगर निशानेबाज नहीं बनती तो लॉ फील्ड में कहीं होती। हो सकता है भविष्य 2024 के बाद मैं लॉ क्षेत्र में नजर आऊं। जब गोल्ड मिला तो पहले बहुत नम थी, काफी इमोशनल थी पहला मैच, पहली बार गोल्ड मिला तो भरोसा नहीं हो रहा था। जब मैदान में नेशनल एंथम हो रहा था तो समझ नहीं पा रही थी क्या करुं। दोनों ही मैच में मेरे साथ यही फीलिंग रही।

टेबिल टेनिस में रजत पदक जीतने वाली भाविना पटेल ने फन के तौर पर टेबिल टेनिस खेलना शुरू किया था। भाविना कहती हैं यही मेरी पहचान बन जाएगा ये सोचा नहीं था। 2004-5 में अहमदाबाद के ब्लाइंड पीपुल एसो. में मैंने वहां के लोगों को टेबिल टेनिस(टीटी) खेलते देखा। उस दृश्य ने मुझे झकझोर दिया। जब ये लोग खेल सकते हैं, तो मैं क्यों नहीं। वहीं से मैंने टीटी खेलना शुरू किया। अगर मैं खिलाड़ी नहीं होती तो आज एक सिंगर हो सकती थी। क्योंकि मुझे गायन का शौक है। गाना सीखा नहीं है मगर गाती रही हूं। पुराने गीत गाना पसंद करती हूं। बाकी कुकिंग करती हूं, खेल के लिए अपना ध्यान केंद्रित करने के लिए गाती भी हूं।

इच्छाशक्ति से मिलती है प्रेरणा
रजत पदक विजेता सिंघराज अधाना कहते हैं मेरे दादाजी ने विश्व युद्ध में भाग लिया। उनके किस्से सुनकर हमेशा नया साहस मिलता। तभी ध्येय बना लिया कि अपनी कमियों के साथ मैं जो कर सकता हूं वो करुंगा और आगे बढूंगा। हर दिव्यांग खिलाड़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिस्टम से लड़ने की होती है। ईश्वर ने हमसे कुछ लिया है तो कुछ दिया है। ईश्वर ने मेरे जैसे कई खिलाड़ियों को इच्छाशक्ति का वह वरदान दिया है। मैंने हर हालत में देश के लिए कुछ करने का सपना देखा था वो साकार हुआ है।

Category: articles

107 साल पहले काशी से चोरी हुई मां अन्नपूर्णा की प्राचीन प्रतिमा आज दिल्ली में यूपी सरकार को सौंपी जाएगी। इसके बाद 18 जिलों में ‘पुनर्स्थापना यात्रा’ के जरिए मां अन्नपूर्णा भक्तों के सामने होंगी। 14 नवंबर को काशी में उनकी प्रतिमा पहुंचेगी। मंत्री नीलकंठ तिवारी ने बताया कि देवोत्थान एकादशी यानी 15 नवंबर को नगर भ्रमण के बाद श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के ईशान कोण में रानी भवानी उत्तरी गेट के बगल में मां अन्नपूर्णा की प्राण प्रतिष्ठा होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ खुद प्राण प्रतिष्ठा करेंगे।

इन जिलों से होते हुए काशी लाई जाएगी प्रतिमा
गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और जौनपुर के भक्तों के सामने मां अन्नपूर्णा पहुंचेंगी। तय रूट के मुताबिक पहले दिन का रात्रि विश्राम तीर्थ क्षेत्र सोरो कासगंज में होगा। दूसरे दिन कानपुर और तीसरे दिन अयोध्या में रात्रि में यात्रा रोकी जाएगी। इनके स्वागत के लिए अलग-अलग जिलों के प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

1 साल पहले प्रतिमा के आने की PM मोदी ने दी थी जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 नवंबर 2020 को अपने मन की बात कार्यक्रम में देश के लोगों को मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा कनाडा में मिलने की जानकारी दी थी। उन्होंने उस दिन कहा था कि हर एक भारतीय को यह जानकर गर्व होगा कि मां अन्नपूर्णा की सदियों पुरानी प्रतिमा कनाडा से भारत वापस लाई जा रही है। यह प्रतिमा करीब 107 साल पहले वाराणसी के एक मंदिर से चोरी हुई थी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने पिछले साल देव दीपावली के एक दिन पहले मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा वापस मिलने की जानकारी दी थी। अब इस वर्ष देव दीपावली के पहले ही मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा काशी विश्वनाथ धाम में होने जा रही है।

एक हाथ में कटोरा और एक हाथ में है चम्मच

बलुआ पत्थर से बनी मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा 18वीं सदी की बताई जाती है। धन-धान्य की देवी और महादेव की नगरी काशी के लोगों को कभी भूखा न सोने देने वाली इस प्रतिमा में मां अन्नपूर्णा एक हाथ में खीर का कटोरा और एक हाथ में चम्मच लिए हुए हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सदियों पहले काशी में भीषण अकाल पड़ा था। उस दौरान भगवान शिव ने मां अन्नपूर्णा का ध्यान करने के बाद उनसे भिक्षा मांगी थी, तब मां अन्नपूर्णा ने कहा था कि आज के बाद काशी में कोई भूखा नहीं रहेगा।

भारतीय मूल की आर्टिस्ट की 2019 में पड़ी थी नजर

मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा कनाडा के यूनिवर्सिटी ऑफ रेजिना स्थित मैकेंजी आर्ट गैलरी के कलेक्शन का हिस्सा थी। इस आर्ट गैलरी को 1936 में वकील नॉर्मन मैकेंजी की वसीयत के अनुसार बनवाया गया था। 2019 में विनिपेग में रहने वाली भारतीय मूल की आर्टिस्ट दिव्या मेहरा को मैकेंजी आर्ट गैलरी में प्रदर्शनी लगाने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने गैलरी में रखी प्राचीन मूर्तियों का अध्ययन करना शुरू किया तो उनकी नजर मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा पर पड़ी। जब उन्होंने रिकॉर्ड खंगाला तो पता लगा कि वर्ष 1913 में वाराणसी के गंगा किनारे स्थित एक मंदिर से ऐसी ही मूर्ति गायब हुई थी जिसे मैकेंजी आर्ट गैलरी ने हासिल किया था।

आर्टिस्ट की बात पर भारत सरकार ने की पहल

दिव्या मेहरा ने मैकेंजी आर्ट गैलरी के सीईओ जॉन हैम्प्टन से अन्नपूर्णा प्रतिमा के बारे में बात की। उनसे कहा कि प्रतिमा को भारत को वापस लौटाना चाहिए। मैकेंजी आर्ट गैलरी के सीईओ समेत अन्य अधिकारियों ने दिव्या मेहरा की बात मान ली। इसका पता ओटावा स्थित इंडियन हाई कमीशन को भी लगा। इसके बाद भारतीय अधिकारियों ने डिपार्टमेंट ऑफ कनेडियन हेरिटेज से संपर्क किया और अन्नपूर्णा देवी की प्रतिमा को भारत भेजने की बात कही। कनाडा सरकार ने सहमति दे दी और तब जाकर मां अन्नपूर्णा की प्राचीन प्रतिमा के भारत आने का रास्ता साफ हुआ।

प्रतिमा कैसे पहुंची कनाडा, बरकरार है राज

मां अन्नपूर्णा की प्राचीन प्रतिमा कनाडा कैसे पहुंची, इसे लेकर आज भी राज बरकरार है। कुछ लोगों को कहना है कि दुर्लभ और ऐतिहासिक सामग्रियों की तस्करी करने वाले प्रतिमा को कनाडा ले जाकर बेच दिए थे। धर्म-कर्म के क्षेत्र में रुचि रखने वाले काशी के बुजुर्ग विद्वानों को भी मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा के गायब होने की ठोस जानकारी नहीं है।

उधर, प्रदेश के धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बुधवार को कहा कि जब स्वतंत्रता आंदोलन चरम पर था तब यह प्रतिमा कनाडा पहुंच गई थी। अब यह प्रतिमा भारत वापस लाई गई है। 15 नवंबर को प्रतिमा की पुनः प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

Category: articles

नमस्कार,
आज गुरुवार है, तारीख 11 नवंबर; कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी और अष्टमी तिथि है।

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी पदयात्रा की करेंगी लखनऊ से शुरुआत।
  2. दिल्ली सरकार स्मॉग का कहर रोकने के लिए एंटी ओपन बर्निंग कैंपेन करेगी शुरू।
  3. होंडा की नई मिड साइज एसयूवी ZR-V पहली बार होगी दुनिया के सामने पेश।
  4. दिल्ली में ट्रेड यूनियनों की राष्ट्रीय रैली, शुरू करेंगे देशव्यापी प्रदर्शन अभियान।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर टी-20​ के​​​​​​ फाइनल में न्यूजीलैंड
टी-20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इंग्लैंड ने (166/4) रनों का स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (72*) और नीशम (27) रनों की ताबड़तोड़ पारी से 5 विकेट शेष रहते मैच जीत लिया।

पढ़िए पूरी खबर…

2. मोदी 12 नवंबर को लॉन्च करेंगे ‘RBI रिटेल डायरेक्ट स्कीम’
PM नरेंद्र मोदी 12 नवंबर को ‘RBI रिटेल डायरेक्ट स्कीम’ लॉन्च करेंगे। इससे रिटेल इन्वेस्टर्स को भी गवर्नमेंट सिक्योरिटीज मार्केट का ऑनलाइन एक्सेस मिलेगा। अब तक बैंक और संस्थागत निवेशकों आदि को ही ये एक्सेस हासिल था।

3. नायका की फाल्गुनी नायर बनीं देश की सबसे अमीर सेल्फ मेड महिला
नायका के शेयर ने एंट्री के साथ ही BSE पर 89% की बढ़ोतरी हासिल की। इससे नायका की वैल्युएशन करीब 1 लाख करोड़ पहुंच गई है। महज 9 साल पहले सेविंग्स से नायका की शुरुआत करने वाली फाल्गुनी नायर भारत की सबसे अमीर सेल्फ मेड महिला बन गईं हैं।

4. कोहली की बेटी से दुष्कर्म की धमकी देने वाला इंजीनियर गिरफ्तार
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की नवजात बेटी से दुष्कर्म की धमकी देने वाले को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस की साइबल सेल की गिरफ्त में आया 23 साल का आरोपी इंजीनियर है। वह पाकिस्तान से टीम इंडिया की हार से नाराज था।
पढ़िए पूरी खबर…

5. मुफ्त नहीं होगा इंस्टाग्राम, देना पड़ेगा जल्द ही मंथली किराया
इंस्टाग्राम एक नए सब्सक्रिप्शन फीचर पर काम कर रहा है। इसके तहत यूजर्स को हर महीने 89 रुपए देने होंगे। कंपनी ने ऑफिशियल पॉलिसी जारी नहीं की है। लेकिन टेक क्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, एपल ऐप स्टोर पर इसे इन-ऐप पर्चेज में लिस्टेड किया गया है।
पढ़िए पूरी खबर…

6. पटना से कैलिफोर्निया तक मची छठ की धूम, घाटों पर उमड़ी भीड़
छठ महापर्व के तीसरे दिन छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी (अस्त होते हुए) सूर्य को अर्घ्य दिया। इसे लेकर दुनियाभर में उत्साह का माहौल है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में भी छठव्रतियों ने अर्घ्य दिया। भारत में घाटों पर श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ दिखाई दी।

Category: articles

टी-20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर इस टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार फाइनल में जगह बना ली है। टॉस गंवाकर पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 166 रनों का स्कोर बनाया। मोइन अली नाबाद 51 टॉप स्कोरर रहे। 167 रनों के टारगेट को कीवी टीम ने रोमांचक अंदाज में 19 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। टीम की जीत में सलामी बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने नाबाद 72 रनों की पारी खेली।

आखिरी के दो ओवर में न्यूजीलैंड को 20 रनों की जरूरत थी। 19वां ओवर क्रिस वोक्स लेकर आए और डेरिल मिचेल ने इसी ओवर में 20 रन बनाकर इंग्लैंड की जीत के सपने को तोड़ दिया। मिचेल ने ओवर में दो छ्क्के और एक चौका लगाकर और टीम को शानदार जीत दिलाई। भले ही मिचेल ने विनिंग शॉट लगाया हो, लेकिन टीम की जीत में जिमी निशम ने भी एक बड़ा किरदार निभाया। उन्होंने 16 से 18 ओवरों के बीच में 3 छक्के और 1 चौके की मदद से 11 गेंदों पर 27 रन बनाए।

कीवी टीम का लगातार तीसरा फाइनल
न्यूजीलैंड लगातार तीसरी बार ICC टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा। इससे पहले टीम ने साल 2019 के वनडे वर्ल्ड कप और इस साल हुए ICC टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई थी। NZ ने शानदार जीत के साथ ही इंग्लैंड के हाथों 2019 के वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार का भी बदला लिया।

पहली बार टी-20 WC के सेमीफाइनल में हारा ENG
टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड की ये पहली हार रही। इससे पहले टीम ने साल 2010 के सेमीफाइनल में श्रीलंका और 2016 में न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था, लेकिन इस बार टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। साथ ही वनडे और टी-20I को मिलाकर इंग्लैंड की पिछले पांच सेमीफाइनल मैचों में जीत के बाद ये पहली हार रही। इससे पहले 1983 के सेमीफाइनल मैच में भारत ने इंग्लैंड को हराया था।

टारगेट का पीछा करते हुए NZ की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में क्रिस वोक्स ने मार्टिन गुप्टिल (4) का विकेट चटकाया। वोक्स ने अपने अगले ही ओवर में कीवी कप्तान केन विलियम्सन (5) को आउट कर ENG को बड़ी सफलता दिलाई। तीसरे विकेट के लिए डेवॉन कॉनवे और डेरिल मिचेल ने 67 गेंदों पर 81 रन जोड़कर टीम की पारी को पटरी पर लाने का काम किया। लिविंगस्टन ने कॉनवे (46) को आउट कर इस पार्टनरशिप पर ब्रेक लगाया। लिविंगस्टन यही नहीं रुके और अपने स्पेल के आखिरी ओवर में ग्लेन फिलिप्स (2) का विकेट चटकाया।

जेम्स नीशम ने मैदान पर आने के साथ ही चौके-छक्कों की बरसात कर NZ को वापस मुकाबले में ला खड़ा किया। नीशम 11 गेंदों पर 27 रन बनाकर आदिल राशिद की गेंद पर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद डेरिल मिचेल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई। मिचेल ने 47 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए।

 

Category: articles